प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सीएसआर मद के प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा बैठक संपन्न

सीएसआर मद के प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा बैठक संपन्न

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा : कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में सीएसआर मद के तहत प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समिति के बिना अनुमोदन या अनुमति के सीएसआर मद कहीं भी खर्च नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, परियोजना अधिकारी डॉ. संजय सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में रीवा और मऊगंज जिले के लिए वर्ष 2026-27 के तहत सीएसआर साझेदारी के लिए तैयार 8 परियोजनाओं के कुल 12.93 करोड़ रुपये के पोर्टफोलियो पर विस्तृत चर्चा की गई। इस कुल बजट का 90 प्रतिशत हिस्सा यानी 1,164.67 लाख रुपये शिक्षा क्षेत्र के लिए, 7 प्रतिशत यानी 86.00 लाख रुपये महिला एवं बाल विकास के लिए तथा 3 प्रतिशत यानी 42.32 लाख रुपये स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

 

 

प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत स्कूलों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 885 लाख रुपये रखे गए हैं, जिससे रीवा और मऊगंज के आकांक्षी ब्लॉकों में 62 नए क्लासरूम, 29 स्कूल शौचालय और 11 किलोमीटर बाउंड्री वॉल का निर्माण होगा। इसमें सिरमौर ब्लॉक में 312 लाख, जवा में 98 लाख और हनुमना में 475 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जवा और सिरमौर ब्लॉक के 59 हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के 13,943 विद्यार्थियों को स्टडी टेबल उपलब्ध कराने के लिए 150 लाख रुपये तथा ई-स्मार्ट लाइब्रेरी उन्नयन के लिए 80 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। महिला एवं बाल विकास तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 6 विधानसभा क्षेत्रों में 43 आंगनवाड़ी केंद्रों को प्रति केंद्र 2 लाख रुपये की दर से कुल 86 लाख रुपये में स्मार्ट आंगनवाड़ी के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं रीवा के अगडाल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास के जीर्णोद्धार हेतु 29.67 लाख रुपये तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के संभागीय आवासीय छात्रावास में सौर ऊर्जा, सुलभ शौचालय, डिजिटल अध्ययन सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की निगरानी और संस्थागत प्रसव बढ़ाने के उद्देश्य से एआई आधारित कॉलिंग, व्हाट्सएप व एसएमएस अलर्ट और डैशबोर्ड प्रणाली के लिए 25 लाख रुपये की योजना बनाई गई है। साथ ही त्योंथर, सेमरिया, रायपुर कर्चुलियान, मऊगंज, जवा, सिरमौर, गंगेव और नईगढ़ी स्थित 8 पोषण पुनर्वास केंद्रों के उन्नयन के लिए 17.32 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिससे वहां बिस्तर, एसी और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकेंगे। प्रशासन के अनुसार ये सभी परियोजनाएं स्थल-चिह्नित और लागत-निर्धारित हैं, जिन्हें सीएसआर साझेदार कंपनियां अपनी प्राथमिकता के अनुसार एकल परियोजना, ब्लॉक स्तर या पूरे पोर्टफोलियो के रूप में अपना सकती

हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button