
कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान रीठी का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने आमजनों से ली खाद्यान्न वितरण की जानकारी
अनिल सिंह रीवा
रीवा :कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुढ़ क्षेत्र में भ्रमण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान रीठी का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि आवंटित खाद्यान्न का समय पर वितरण कराएं। राशन कार्डधारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप माह के अंतिम दिन से पहले खाद्यान्न वितरित करें। उचित मूल्य दुकान में सितम्बर माह में आवंटित खाद्यान्न में से 132 बोरियों में 64 क्विंटल चावल तथा 32.5 क्विंटल गेंहू भण्डारित पाया गया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित खाद्य निरीक्षक सुभाष द्विवेदी को रीठी उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन शुभम पाण्डेय के प्रभार की तीनों उचित मूल्य दुकानों में उपलब्ध खाद्यान्न तथा वितरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान में उपस्थित राशन कार्डधारियों से खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली। मौके पर उपस्थित महिलाओं ने बताया कि सर्वर कार्य न करने के कारण आज खाद्यान्न प्राप्त नहीं हुआ है। उचित मूल्य दुकान से हर महीने खाद्यान्न मिलता है। निरीक्षण के समय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम गुढ़ डॉ. अनुराग तिवारी उपस्थित रहे।

