श्री घैसास गुरुजी वेदपाठशाला, वेदभवन का 36वां स्थापना दिवस समारोह 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक
पुणे, विशाल समाचार संवाददाता– पुणे की सुप्रसिद्ध श्री घैसास गुरुजी वेदपाठशाला, वेदभवन का 36वां स्थापना दिवस प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार, 26 अक्टूबर से बुधवार, 5 नवम्बर 2025 तक वेदभवन परिसर में संपन्न होगा।
इस अवसर पर चतुर्वेद पारायण, ऋग्वेद संहिता स्वाहाकार, विभिन्न देवताओं के यज्ञ, तथा प्रतिदिन संध्याकालीन कीर्तन और प्रवचन जैसे अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
वेदपाठशाला के प्रधानाचार्य मोरेश्वर विनायक घैसास गुरुजी ने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में उपस्थित होकर वेदमंत्रों का श्रवण करने और वेदों का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
समारोह का शुभारंभ रविवार, 26 अक्टूबर को प्रातः वेदध्वजारोहण एवं पुण्याहवाचनपूर्वक ऋग्वेद संहिता स्वाहाकार से होगा। प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रहेगा।
28 से 31 अक्टूबर तक डोंबिवली के प्रसिद्ध कीर्तनकार ह.भ.प. कैलासबुवा खरे द्वारा संध्याकाल 5 से 7 बजे तक सुश्राव्य कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। कैलासबुवा खरे एक प्रख्यात शास्त्रीय संगीतज्ञ भी हैं।
1 व 2 नवम्बर को सुप्रसिद्ध प्रवचनकार एवं वेदशास्त्र विशेषज्ञ श्री प्रणव गोखले का प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
वेदपाठशाला के संस्थापक वेदमहर्षि कै. विनायकभट्ट घैसास गुरुजी की स्मृति में 2 नवम्बर को श्रद्धांजलि सभा एवं स्मृति कार्यक्रम होंगे।
3 नवम्बर को प्रातः 10:30 बजे सभी धार्मिक कार्यक्रमों की पूर्णाहुति संपन्न होगी।
अंत में 5 नवम्बर, त्रिपुरारी पौर्णिमा के अवसर पर सायं 6:30 बजे त्रिपुरारी पूजन एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सायं 5:30 से 8 बजे तक प्रसिद्ध गायक एवं कीर्तनकार पंडित चारुदत्त आफळे का नाट्यसंगीत गायन कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
वेदपाठशाला परिवार ने श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं विद्यार्थियों से इस संपूर्ण कार्यक्रम में सहभागी होकर वेदपरंपरा के इस भव्य उत्सव का लाभ लेने का आग्रह किया है।



