मऊगंज जिले में 1060 टन यूरिया और 367 टन डीएपी खाद है उपलब्ध
मऊगंज विशाल समाचार. आगामी फसल की बुवाई के लिए किसानों को समुचित खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सहकारी समितियों डबल लॉक सेंटर तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि मऊगंज जिले में 27 अक्टूबर की स्थिति में कुल 1060 टन यूरिया तथा 367.6 टन डीएपी खाद उपलब्ध है। इसके साथ-साथ 478.75 टन एनपीके, 19.15 टन म्यूरेट ऑफ पोटाश तथा 1251.69 टन सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध है।
उप संचालक ने बताया कि किसानों को सहकारी समितियों, डबल लॉक सेंटर तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से लगातार खाद का वितरण किया जा रहा है। अब तक किसानों को कुल 1606 टन यूरिया, 895.7 टन डीएपी, 629.8 टन एनपीके, 1.88 टन म्यूरेट ऑफ पोटाश तथा 164.2 टन सिंगल सुपर फास्फेट का वितरण किया जा चुका है। किसान अपनी आगामी एक सप्ताह की जरूरत के लिए खाद का उठाव करें। डीएपी खाद यदि प्राप्त नहीं होती है तो सिंगल सुपर फास्फेट और यूरिया की निर्धारित मात्रा से भी इसकी पूर्ति की जा सकती
है।


