रीवा

हरिहरपुर धाम में प्राकृतिक खेती का नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू

हरिहरपुर धाम में प्राकृतिक खेती का नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू

 

रीवा विशाल समाचार. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की पहल पर बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में तीन एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का विकास किया गया है। इसके माध्यम से आसपास के किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री के हरिहरपुर धाम रीवा में भी प्राकृतिक खेती का मॉडल विकसित किया जा रहा है। हरिरहरपुर धाम में 23 जनवरी से 25 जनवरी तक प्राकृतिक खेती का तीन दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्री श्री रविशंकर जी की संस्था लिविंग ऑफ आर्ट के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्राकृतिक खेती के लिए भूमि तैयार करने, बीजों के उपचार, केमिकल रहित खाद तथा कीटनाशक बनाने एवं मल्टीलेयर फसल की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, पंचगव्य जगपावनी और अग्निहोत्र खाद के निर्माण की भी जानकारी दी जा रही है। इन सबका निर्माण नाममात्र के खर्च पर गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन जैसे घर में उपलब्ध पदार्थों से किया जाता है। प्राकृतिक खेती में रूचि रखने वाले तथा कम लागत में गुणवत्तापूर्ण फसल प्राप्त करने के इच्छुक किसान हरिहरपुर धाम में आकर प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं। प्रशिक्षण पूरी तरह से नि:शुल्क है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button