पर्यावरणमध्य प्रदेशरीवा

उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में नंदनी गौशेड का किया लोकार्पण 

उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में नंदनी गौशेड का किया लोकार्पण

गौ सेवा और प्राकृतिक खेती से ही सबका कल्याण होगा – उप मुख्यमंत्री 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा 15 जुलाई 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने गंगेव विकासखण्ड के हिनौती गौधाम में नंदनी गौशेड तथा प्राकृतिक खेती पर आधारित बायो इनपुट प्लांट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिनौती गौधाम और बसामन मामा गौ अभ्यारण्य निराश्रित गायों को आश्रय देने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती के केन्द्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। हमें स्वयं को स्वस्थ रखने और भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रखने के लिए गौपालन और प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य है। समय आ गया है कि हम सब खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का उपयोग सीमित करके जैविक विधि से विषमुक्त खेती को अपनाएं। सभी किसान कम से कम अपने परिवार के उपयोग का अनाज जैविक विधि से उत्पादित करें। हिनौती और बसामन मामा में निराश्रित गायों का संरक्षण सबके सहयोग से किया जा रहा है। गौ माता और संतों के आशीर्वाद से रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य में विकास के कार्य सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। आज हम सबको ईश्वर की विशेष कृपा से संत शिरोमणि महाराज राघवाचार्य जी का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ है। हिनौती गौधाम को विकसित करने में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आमजनों ने बहुत अच्छा सहयोग दिया है।

 

समारोह में श्री राघवाचार्य जी महाराज ने कहा कि ईश्वर की विशेष कृपा होने पर ही गौ सेवा का अवसर मिलता है। हिनौती गौधाम गौ सेवा और प्राकृतिक खेती का केन्द्र बनने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए गौ सेवा का प्रेरणास्रोत भी बनेगा। श्रीअन्न यानी मोटा अनाज हमारे सनातन परंपरा के अनाज हैं। इनकी खेती को अपनाकर हम सनातन की ही सेवा करेंगे। गाय ही हम सबकी माता और विश्व का पोषण करने वाली है। इसकी सेवा करना हम सबका धर्म है। समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि गौसेवा के लिए हृदय में माँ की करूणा और पिता की तरह अनुशासन होना आवश्यक है। संतों और ईश्वर के आशीर्वाद से रीवा में गौ सेवा के कई कार्य किए जा रहे हैं। गौ अभ्यारण्य और गौधाम में हजारों बेसहारा गायों को आश्रय मिला है। सभी किसान भाई गौपालन और प्राकृतिक खेती को अपनाएं। इस वर्ष अनियमित वर्षा को देखते हुए कोदो, ज्वार और मूंग की अधिक से अधिक क्षेत्र में खेती करें। इससे जैविक अनाज प्राप्त होगा।

समारोह में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि हिनौती गौधाम का निर्माण पूरा हो जाने पर क्षेत्र की हर निराश्रित गाय को आश्रय मिलेगा। इससे किसानों की खेतों की रखवाली की समस्या भी दूर होगी। हम सब मिलकर हिनौती को सबसे विकसित गौधाम बनाएंगें। हिनौती गौधाम के निर्माण और विकास में उप मुख्यमंत्री जी का अतुलनीय योगदान है। समारोह में जनपद अध्यक्ष श्री विकास तिवारी, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी तथा श्री राजेश पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, संत श्री वटुक महाराज जी, संत श्री आचार्य आशीष जी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने पौधे रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश – हिनौती गौधाम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति हर वर्ष कम से कम पाँच पौधे रोपित कर धरती माता को हरी चूनर पहनाने में योगदान दे। हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी भावी पीढ़ी का जीवन भी सुरक्षित रहेगा। कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे रोपित किए। इस अवसर पर वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button