
जनपद में 10वीं अंतरवाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन मलखंभ प्रतियोगिता–2026 का शुभारंभ
जिलाधिकारी महोदय ने फीता काटकर किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, खिलाड़ियों ने खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ ली
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा– 28वीं वाहिनी पीएसी, इटावा में दिनांक 12 से 14 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाली 10वीं अंतरवाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन मलखंभ प्रतियोगिता–2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में आयोजन सचिव एवं सेनानायक अनिरुद्ध कुमार ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महोदय तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही विभिन्न वाहिनियों की टीमों ने मार्च-पास्ट/परेड के माध्यम से अतिथिगण को सलामी एवं अभिवादन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने खेल के दौरान सत्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता तथा खेल भावना बनाए रखने की शपथ ग्रहण की। तत्पश्चात जिलाधिकारी महोदय ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न वाहिनियों के खिलाड़ी मलखंभ के माध्यम से अपने कौशल, शारीरिक दक्षता, संतुलन एवं अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पुलिस बल में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन समारोह में सहायक सेनानायक दीप शिखा, अहिबरन सिंह, शिविरपाल, सुभाष चंद्र यादव, सूबेदार सैन्य सहायक नितिन पंवार सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



