
औरैया में ग्राम प्रहरियों का सम्मान समारोह आयोजित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्राम प्रहरी सम्मानित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । रिजर्व पुलिस लाइन, औरैया में मंगलवार को ग्राम प्रहरियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बरेली में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में योगदान देने वाले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम को पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रहरियों ने लाइव देखा और सुना।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बाद पुलिस अधीक्षक औरैया की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सदर विधायक औरैया श्रीमती गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक औरैया सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक औरैया एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस को समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों को उपहार देकर सम्मानित किया।
पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं ग्राम प्रहरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक औरैया ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना, संदिग्ध गतिविधि अथवा अन्य समस्या की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सक्रियता से पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की समय रहते जानकारी मिलती है और आवश्यक कार्रवाई करने में सहायता मिलती है।
पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस के साथ ग्राम प्रहरियों का समन्वय बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक औरैया ने उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा समारोह में मौजूद सभी ग्राम प्रहरियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया।


