
शासकीय योजनाओं में लंबित शिकायतों तत्परता से करे निराकरण – कलेक्टर
कलेक्टर ने अधिकारियों से प्राप्त किया परिचय – ली परिचयात्मक बैठक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभागीय कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने सड़कों एवं हाईवे पर विचरण करने वाले आवारा गोवंश को निकटतम गौशालाओं में पहुंचाने तथा उनके गले एवं सींगों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि एवं प्रातःकालीन समय में निगरानी के लिए स्थानीय स्तर पर पशु दल गठित कर नियमित गश्त कराने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
।



