
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया गया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा एवं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे , पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन,सीईओ जिला पंचायत सृष्टि देशमुख ने पिपराही स्थित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर बालक छात्रावास तथा वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय सीनियर कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावासों में स्वच्छता, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
गोरमा बांध का निरीक्षण कर कलेक्टर ने सुनीं किसानों की समस्याएं :- कलेक्टर ,पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के साथ ग्राम बिझौली शुकुलान स्थित गोरमा बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर सिंचाई संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा नहरों में लीकेज सुधाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन में सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बांध के विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बकाया जलकर की वसूली नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बांध में मत्स्य पालन की संभावनाओं का उपयोग कर ग्रामीणों की आजीविका बढ़ाने तथा गोरमा बांध को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।


