
छेना रसगुल्ले में मिलावट की पुष्टि, केमिकल डालते ही काला पड़ा रंग
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :आगामी दीपावली त्योहार के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए ‘मिलावट से मुक्ति अभियान’ के तहत सघन जांच कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र के मिष्ठान विक्रेताओं के यहाँ लगातार निरीक्षण और जांच की जा रही है। इसी क्रम में रीवा शहर में संजय नगर मोड़ स्थित राजवाड़ा स्वीट्स में मोबाइल लैब के माध्यम से मिठाइयों के सेम्पल की मौके पर ही जांच की गई। खाद्य विभाग की टीम ने जब दुकान में निर्मित छेना रसगुल्ला की जांच की, तो उसमें स्टार्च (मैदा अथवा अरारोट) की मिलावट पाई गई। केमिकल डालते ही रसगुल्ले का रंग काला पड़ गया। रंग बदलते ही रसगुल्ले में अमानक सामग्री और मिलावट की पुष्टि हो गई। मिलावट की पुष्टि होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा सामग्री को जब्त कर संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम’ के तहत नियम अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान त्योहारों की आड़ में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


