प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

किसानों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर

किसानों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर

किसान संगठनों के साथ कलेक्टर ने की चर्चा

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश 

    मऊगंज . कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की बिजली, पानी, खाद-बीज, राजस्व संबंधी समस्याओं तथा निराश्रित पशुओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने गुणवत्तापूर्ण बीज की समय पर उपलब्धता नहीं होने, मिट्टी परीक्षण केंद्र बंद रहने तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट किया। किसानों ने खराब विद्युत केबिल, खुले ट्रांसफार्मर और अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें भी रखीं। इस पर कलेक्टर ने कृषि विभाग को शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा मिट्टी परीक्षण केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को शिविर आयोजित कर बिल संबंधी शिकायतों का निराकरण करने और खराब केबिलों को बदलने के निर्देश भी दिए गए।

राजस्व संबंधी समस्याओं पर चर्चा के दौरान ग्राम करह, खैरागढ़, रकरी एवं पचपहरा सहित अन्य गांवों में नक्शा त्रुटि सुधार के लिए टीम गठित कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पटवारियों की हल्का क्षेत्र में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए दिवस निर्धारित करने को कहा गया। कलेक्टर ने गौशालाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए जांच दल गठित करने तथा उपार्जन पंजीयन में आ रही कठिनाइयों के निराकरण के लिए राज्य स्तर पर संपर्क करने के निर्देश दिए। बैठक में आत्मा परियोजना अंतर्गत तीनों विकासखंडों के कर्मचारियों तथा सहकारिता एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री ओगरे ने कहा कि अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ किसान हितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए। किसानों से संबंधित शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष श्री हरिशंकर पांडेय एवं प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रीय मजदूर किसान महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button