मध्य प्रदेशप्रशासनरीवा

किसानों को समय पर खाद और बीज का वितरण कराएं – कमिश्नर 

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों और टीएल पत्रों का समय पर निराकरण करें - कमिश्नर  

किसानों को समय पर खाद और बीज का वितरण कराएं – कमिश्नर 

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों और टीएल पत्रों का समय पर निराकरण करें – कमिश्नर  

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा . कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन तथा टीएल पत्रों पर समय सीमा में कार्यवाही करके निराकरण करें। प्रकरणों के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की नियमित समीक्षा करें। प्रकरणों के निराकरण के लिए गंभीरता से प्रयास करें। सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक अवधि के राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। विशेष प्रयास करके इनका निराकरण कराएं। अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दें। पेंशन प्रकरण ऑनलाइन दर्ज कराकर इनका समय पर निराकरण कराएं तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी को पीपीओ जारी कराएं।

 

सिंचाई के लिए उपलब्ध है पर्याप्त पानी:- बैठक में टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति में अनियमितता करने वाले अधिकारी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें। सेवानिवृत्त कर्मचारी की सेवा पुस्तिका गुमने के संबंध में जाँच कर संयुक्त संचालक शिक्षा, संयुक्त संचालक पेंशन तथा संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा एक सप्ताह में प्रतिवेदन दें। लापरवाहों के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करें। कमिश्नर ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। खाद का ई टोकन के माध्यम से वितरण किया जा रहा है। खाद और बीज के वितरण की सतत निगरानी करें। किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराएं। कृषि विभाग के अधिकारी मैदानी अमले के सहयोग से किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए जागरूक करें। सुपर सीडर, हैप्पी सीडर तथा अन्य उपकरणों के उपयोग के लिए किसानों को प्रेरित करें। बिना एस्ट्रा रीपर वाले हार्वेस्टरों पर कार्रवाई करें। नरवाई जलाने वाले किसानों पर भी जुर्माने की कार्रवाई करें। सिंचाई के लिए संभाग के सभी जलाशयों तथा बाणसागर बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध है। सिंचाई के लिए 15 नवम्बर से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। पानी को नहर के अंतिम बिन्दु तक पहुंचाएं जिससे हर किसान इसका लाभ उठा सके।

 

कमिश्नर ने कहा कि मुख्य अभियंता ऊर्जा बिजली की आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करें। सिंचाई के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर के खराब होने पर उसे तीन दिन की समय सीमा में बदलें। जिन ट्रांसफार्मरों के लिए न्यूनतम राशि जमा हो जाती है उन्हें तत्काल बदलें। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दें। अधीक्षण यंत्री पीएचई बिगड़े हैण्डपंपों के सुधार तथा निर्माणाधीन नलजल योजनाओं की गति सुधारने पर ध्यान दें। निर्माण कार्य में अकारण देरी करने वाले ठेकेदारों को नोटिस दें। उप संचालक मछली पालन पूरे संभाग में केज कल्चर के माध्यम से मछलीपालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करें। संयुक्त संचालक पशुपालन शासन की मंशा के अनुरूप सभी जिलों में नए मिल्क रूट बनाकर उनमें दुग्ध सहकारी समितियों का गठन कराएं। समितियों के गठन में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त संचालक को नोटिस देने के निर्देश दिए। बैठक में कमिश्नर ने स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और नियमित जाँच सुनिश्चित करें। जिस क्षेत्र में घर में प्रसव की घटनाएं हुई हैं वहाँ जिला स्तरीय अधिकारी भ्रमण करके शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें।

बैठक में कमिश्नर ने कहा कि शासकीय स्कूलों में नि:शुल्क कॅरियर कोचिंग की सतत निगरानी करें। इससे विद्यार्थियों के माइंडसेट और एप्रोच में अंतर आएगा। बैठक में कमिश्नर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, खाद्यान्न के समय पर उठाव और वितरण, समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों तथा संबल योजना के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर पीयूष भट्ट, उपायुक्त विकास प्रदीप दुबे तथा संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button