
मऊगंज में मड़ई उत्सव का शुभारंभ जनजातीय लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या
वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका का हुआ मंचन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से मऊगंज में मड़ई उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के प्रथम दिवस जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में कोरकू, भारिया एवं सहरिया जनजातियों के पारंपरिक ढांढल, भड़म एवं लहंगी नृत्यों का प्रदर्शन किया गया।
प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली एवं लोक अभिव्यक्तियों को प्रदर्शित किया गया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण एवं लोकवाद्यों के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया। जनजातीय समाज में नृत्य एवं संगीत सामाजिक, धार्मिक, कृषि एवं सामुदायिक जीवन का अभिन्न अंग हैं। मड़ई उत्सव के माध्यम से इन पारंपरिक विधाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ ही इनके संरक्षण एवं आगामी पीढ़ियों तक हस्तांतरण के प्रयासों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग प्रवर्तन सांस्कृतिक समिति, रुंगवा सतना द्वारा हर्षवर्धन सिंह के पुनर्निर्देशन में प्रस्तुत नृत्य-नाटिका में वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान एवं संघर्षपूर्ण जीवन को मंचीय अभिव्यक्ति प्रदान की गई। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय एवं सजीव मंचन के माध्यम से दर्शकों के समक्ष उनके ऐतिहासिक योगदान को प्रस्तुत किया। नृत्य-नाटिका को दर्शकों द्वारा सराहा गया।
मड़ई उत्सव के द्वितीय दिवस 28 नवम्बर को देश के विभिन्न प्रदेशों से आए जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें विभिन्न जनजातीय समुदायों की विशिष्ट लोकनृत्य शैलियों एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा एवं अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक नीलकंठ सिंह मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मड़ई उत्सव जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक लोककलाओं एवं विरासत के संरक्षण तथा विभिन्न क्षेत्रों की जनजातीय सांस्कृतिक परंपराओं के पारस्परिक परिचय का महत्वपूर्ण मंच है।


