
बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करें – कमिश्नर
रीवा :कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर अनिल सुचारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दे। हर बसाहट का सर्वेक्षण करके कम पोषित बच्चों का ठीक से चिन्हांकन कर पोर्टल में दर्ज करें। इन बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पोषण आहार उपचार एवं नियमित मॉनीटरिंग करें। बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए समुदाय की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। रीवा जिले में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए नवजीवन अभियान के माध्यम से सराहनीय प्रयास किया गया। पोषण पुनर्वास केन्द्रों में शत-प्रतिशत बेडों में कम पोषित बच्चों की भर्ती कराएं। इसमें लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सीधी तथा सिंगरौली जिले की स्थिति ठीक नहीं है।
कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से लाभान्वित महिलाओं के आवेदन पत्र परियोजना अधिकारी सावधानी पूर्वक ऑनलाइन दर्ज कराएं। जिससे हितग्राही को समय पर तीनों किश्तों की राशि प्राप्त हो सके। आधार कार्ड तथा बैंक खाते में नाम तथा अन्य विवरण में मिसमैच होने के कारण लंबित सभी प्रकरणों में सात दिवस में सुधार करके राशि का भुगतान कराएं। सीधी जिले की सिहावल परियोजना में बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित हैं। परियोजना अधिकारी नियमित मॉनीटरिंग करें। सिंगरौली जिले में दूसरी तथा तीसरी किश्त के भुगतान के प्रकरण लंबित हैं। इनका शीघ्र भुगतान कराएं। लाडली लक्ष्मी योजना के शत-प्रतिशत प्रकरण ऑनलाइन दर्ज करें। नए प्रकरणों में समग्र आईडी बनाने के लिए परियोजना अधिकारी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से संपर्क कर रोजगार सहायक से आईडी का निर्माण कराएं।

