
जनपद के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु रोजगार मेलों एवं कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों के आयोजन पर दिया गया जोर
जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, रोजगार मेलों एवं कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों के आयोजन तथा इनकी प्रभावशीलता बढ़ाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए रोजगार मेलों का नियमित एवं प्रभावी आयोजन किया जाए तथा अधिक से अधिक नियोजकों एवं प्रतिष्ठित कंपनियों को इन मेलों से जोड़ा जाए, जिससे बेरोजगार अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने रोजगार मेलों के साथ-साथ कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों, आवश्यक शैक्षिक योग्यता, कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार की संभावनाओं के संबंध में भी उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इससे युवा अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार सही करियर का चयन कर सकेंगे।
बैठक में आगामी रोजगार मेले के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक नियोजकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा विभिन्न रोजगारदाताओं से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक रिक्तियों को मेले के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र एवं इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार मेले की जानकारी समय से उपलब्ध हो तथा उनका पंजीकरण एवं प्रतिभाग सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में रोजगार संगम पोर्टल पर बेरोजगार अभ्यर्थियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से युवाओं को उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकती है। इसलिए संबंधित अधिकारी युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें पोर्टल के उपयोग एवं उपलब्ध रोजगार अवसरों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल से जोड़ते हुए रोजगार मेलों, कैरियर काउंसिलिंग एवं अन्य रोजगारपरक कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रोजगार संबंधी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा पात्र युवाओं तक इनका लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकाधिक युवाओं को वास्तविक रूप से रोजगार से जोड़ने की दिशा में परिणामपरक प्रयास किए जाएं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन, चयन प्रक्रिया तथा रोजगार प्राप्त करने के उपरांत आवश्यक फॉलोअप की व्यवस्था भी प्रभावी रूप से की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में रोजगार सृजन एवं रोजगार उपलब्धता की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में रोजगार मेलों, कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों एवं रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित किए जाने हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि, श्रम परिवर्तन अधिकारी रीमा सिंह तथा यू0पी0एस0सी0डी0एम0 अतुल सिंह सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


