रीवा

निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा कराएं – कलेक्टर

निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा कराएं – कलेक्टर

Reported by Vishal Sharmachar Web Desk | Rewa Bureau

 

रीवा. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराएं। निर्माण कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। कार्यपालन यंत्री हर माह निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय के सभी भवनों का कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा कराकर इनका लोकार्पण कराएं। निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की बाधा आने पर तत्काल इसकी सूचना दें। निर्माण एजेंसियों को कार्यों की प्रगति के अनुसार समय पर राशि का भुगतान कराएं। बैठक में कलेक्टर द्वारा पीआईयू तथा मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने भवन विकास निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सेमरिया और जवा में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण कार्य दो माह में पूरा कराएं। कार्यपालन यंत्री इन भवनों को पूरा करने के लिए मांग की गई राशि के संबंध में तथ्यों सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कैंसर यूनिट और विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाएं। मेडिकल कालेज में अधोसरंचना विकास के लिए 321.94 करोड़ की राशि मंजूर की गई है। इस मद से किए जा रहे कार्यों की पूरी जानकारी प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी पीआईयू के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि एसडीएम कार्यालय जवा तथा त्योंथर के भवनों का निर्माण एक माह में पूरा कराकर इनका लोकार्पण कराएं। सांदीपनि पीके स्कूल के निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसमें ऑडिटोरियम तथा मध्यान्ह भोजन को छोड़कर शेष निर्माण कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा कराएं। बैठक में कलेक्टर ने छात्रावास भवन निर्माण के लिए तत्काल भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्यपालन यंत्री पीआईयू डीएस त्रिपाठी ने बताया कि विभाग में वर्तमान में 36 कार्य स्वीकृत हैं। इनमें से 31 निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। तीन कार्यों में भूमि प्राप्त न होने के कारण इनका निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है। इनमें अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में दो स्वीकृत छात्रावासों का निर्माण कार्य शीघ शुरू हो जाएगा। सांदीपनि विद्यालय मनगवां का निर्माण कार्य इसी माह पूरा हो जाएगा। सांदीपनि विद्यालय रायपुर कर्चुलियान, सिरमौर, त्योंथर, रघुराजगढ़, सेमरिया का निर्माण कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा हो जाएगा। पीके स्कूल भवन का निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा होगा। मेडिकल कालेज में छात्रों के लिए 144 सीटर तथा छात्राओं के लिए 130 सीटर छात्रावास का निर्माण जनवरी माह तक पूरा हो जाएगा। बैठक में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन, स्कूल भवन, इंजीनियरिंग कालेज में साइंस लैब निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, कार्यपालन यंत्री भवन विकास निगम, अनुविभागीय अधिकारी संजीव कालरा, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा कंसल्टेंट उपस्थित रहे।

 

Vishal Samachar Digital Network – मुख्यालय Pune, Maharashtra

Pune सहित 8 राज्यों में Ground Reporting सक्रिय

Ground से Global तक — हर खबर, हर क्लिक पर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button