
नगरीय निकायों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाएं – कलेक्टर
अमृत-2 योजना से स्वीकृत कार्य समय सीमा में पूरे कराएं – कलेक्टर
अनिल सिंह संवाददाता रीवा
रीवा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि रीवा नगर निगम तथा सभी नगर पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर सभी सार्वजनिक स्थलों, सड़कों तथा मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराएं। दीवाली से पहले भारी मात्रा में सूखा कचरा निकलता है। इसका तत्काल उठाव करने के लिए अतिरिक्त वाहन और कर्मचारी तैनात करें। नगर के खाली पड़े प्लाटों से भी कचरे का उठाव कराएं। रेमकी कंपनी में कचरे का का प्रबंधन करने वाले अभी केवल उन्हीं निकायों से कचरा लें जिनसे अनुबंध है। बाहर से कचरा लेकर आने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि सभी सीएमओ नगर पंचायतों में साफ-सफाई के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट को चालू रखने पर भी विशेष ध्यान दें। अमृत-2 योजना से स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा कराएं। मनगवां में मलकपुर तालाब में स्वीकृत निर्माण कार्य को वर्तमान स्तर पर बंद करके उसे स्थान पर अन्य स्थल पर कार्य कराएं। एसडीएम त्योंथर पार्क निर्माण के लिए त्योंथर में तत्काल जमीन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शुरू कराएं। सीएमओ चाकघाट स्वीकृत नाली निर्माण का कार्य पूरा कराएं। सिरमौर में रानी तालाब के सौन्दर्यीकरण के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। एसडीएम इस संबंध में मिल रही शिकायतों की ठीक से जाँच करें।

कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए तत्काल पट्टे जारी करें। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से पृथक कराएं। सीएमओ प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को समय पर किश्त जारी कर आवास का निर्माण पूरा कराएं। अग्रणी बैंक प्रबंधक 3 से 12 लाख रुपए तक आवास ऋण लेने वाले हितग्राहियों की सूची बैंकों से प्राप्त कर नगरीय निकायों को उपलब्ध कराएं। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने अमृत-2 योजना से स्वीकृत निर्माण कार्यों की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।


