जिला स्तरीय धरती माता बचाओ निगरानी समिति गठित
मऊगंज विशाल समाचार. उर्वरक खपत की चुनौतियों का समाधान करने, नकली उर्वरकों के उत्पादन एवं वितरण पर नजर रखने तथा गैर कृषि उपयोग सीमापार तरस्करी के लिए उर्वरकों के उपयोग की स्थिति में जिला व अनुविभाग स्तर के अधिकारियों को सूचित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय धरती माता बचाओ निगरानी समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। जबकि उपाध्यक्ष जिला पंचायत के सीईओ व संयोजक उप संचालक कृषि बनाये गये हैं।
समिति में सदस्य के तौर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा नामित व्यक्ति, उपायुक्त सहकारिता, जिला प्रतिनिधि कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी, एन.एफ.एल. लिमिटेड कंपनी, चंबल फर्टिलाइजर एण्ड कैमिकल लिमिटेड, इफको लिमिटेड, पी.पी.एल. लिमिटेड, एच.क्यू.आर.एल. लिमिटेड एवं समन्वयक कृषि विज्ञान केन्द्र को शामिल किया गया है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि समिति द्वारा जिले में उर्वरक की समीक्षा कर उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। कम से कम 100 ग्राम पंचायतों जहां रासायनिक उर्वरकों का अधिक प्रचलन हो वहां अधिक ठोस प्रयास किये जायेंगे। उर्वरकों के अवैध उपयोग पर निगरानी रखने के साथ ही एफआईआर व गिरफ्तारी, डीलरशिप के लायसेंस के निलंबन की समीक्षा समिति द्वारा की जायेगी। कलेक्टर द्वारा अनुविभागीय स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तरीय समिति का भी गठन किया गया है। ग्राम पंचायत समिति में सरपंच, सचिव, पटवारी, एडीओ, ग्राम स्तरीय कृषि सखी, प्रगतिशील किसान तथा प्रबंधक सेवा सहकारी समिति/एएफओ संचालक को शामिल किया गया।


