पुणे विभाग में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण का आह्वान
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध – विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार
पुणे, विशाल सिंह– पुणे विभाग के पाँच जिलों में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं की मतदाता सूची को पुनः तैयार करने के कार्यक्रम के तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पंजीकरण के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विभागीय आयुक्त एवं पुणे विभाग के शिक्षक और स्नातक मतदाता संघ के मतदाता पंजीकरण अधिकारी डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने सभी पात्र मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे https://mahaelection.gov.in/Citizen/Login पर जाकर 6 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराएँ।
इस कार्यक्रम के तहत पुणे विभाग में 1 नवंबर 2025 की पात्रता तिथि के आधार पर नवीन मतदाता सूची (डी-नोवो) तैयार की जा रही है। सन 2026 में पुणे विभाग के शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के लिए होने वाले चुनाव के लिए पुणे, कोल्हापूर, सोलापूर, सांगली और सातारा जिलों के जिलाधिकारी सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पंजीकरण कार्य देख रहे हैं।
डॉ. पुलकुंडवार ने यह भी बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम पहले की सूची में था, तो भी नवीन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना आवश्यक है।
सभी पात्र मतदाता समय रहते पंजीकरण कराएँ और अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करें।


