एक्शन, रोमांस और संगीत का धमाका लेकर आ रही है ‘गनमास्टर G9’, 27 नवंबर को होगी रिलीज
पुणे में इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की मौजूदगी में फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। एक्शन, रोमांच, रोमांस, कॉमेडी और दमदार संगीत से भरपूर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गनमास्टर G9’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च समारोह बुधवार को पुणे में आयोजित किया गया। इस मौके पर अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख, अभिनेता अपारशक्ति खुराना, अभिषेक सिंह, निर्देशक आदित्य दत्त और निर्माता दीपक मुकुट मौजूद रहे।
फिल्म के ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, रोमांचक फाइट सीक्वेंस, गनफाइट, रोमांस और संगीत की झलक देखने को मिली। खास बात यह है कि इमरान हाशमी इस फिल्म में एक बिल्कुल नए और दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर इमरान हाशमी ने कहा कि उन्होंने पहले भी कई ऐसी भूमिकाएं निभाई हैं, जिनमें उनके किरदार मुश्किल परिस्थितियों में फंसते हैं, लेकिन ‘गनमास्टर G9’ में वह सीधे एक्शन के केंद्र में हैं। इस भूमिका के लिए उन्होंने मार्शल आर्ट्स, शूटिंग और शारीरिक प्रशिक्षण पर विशेष मेहनत की है। उनका कहना है कि दर्शकों को इस फिल्म में उनका एक अलग अंदाज देखने को मिलेगा।
अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने कहा कि इस फिल्म की खासियत यह है कि यह किसी एक शैली तक सीमित नहीं है। इसमें एक्शन, रोमांस, कॉमेडी, संगीत और भावनाओं का खूबसूरत मेल है। इमरान हाशमी के साथ पहली बार काम करने का अनुभव भी उनके लिए खास रहा।
अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने कहा कि फिल्म में कई दिलचस्प किरदार और बड़े मनोरंजक दृश्य हैं। दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक भव्य सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा।
निर्देशक आदित्य दत्त ने बताया कि उनका उद्देश्य इमरान हाशमी को एक नए और दमदार एक्शन अवतार में पेश करना है। फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन और दमदार संगीत का विशेष संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज के दर्शकों के लिए कुछ नया और मनोरंजक प्रस्तुत करना ही टीम का मुख्य उद्देश्य है।
निर्माता दीपक मुकुट ने कहा कि ‘गनमास्टर G9’ को बड़े पर्दे पर देखने लायक भव्य मनोरंजक फिल्म बनाने का प्रयास किया गया है। फिल्म के एक्शन, लोकेशन और निर्माण में विशेष ध्यान दिया गया है।
फिल्म में इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहिर ने किया है। सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। फिल्म को हिमेश रेशमिया ने संगीत दिया है।
27 नवंबर 2026 को होगी रिलीज
‘गनमास्टर G9’ आगामी 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण SRE Studios LLP के तहत किया गया है। पेन मरुधर फिल्म का भारत में वितरण करेगा, जबकि विदेशों में वितरण की जिम्मेदारी फार्स फिल्म्स के पास है।


