
कलेक्टर मऊगंज ने किया सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का निरीक्षण
दिसंबर माह तक कार्य पूरा करने के निर्देश
मऊगंज विशाल समाचार: . कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने गत दिवस नईगढ़ी सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय का गहन निरीक्षण किया। यह परियोजना मऊगंज जिले के 352 ग्रामों की कुल 37 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित करेगी। कलेक्टर ने परियोजना के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने नईगढ़ी सिंचाई परियोजना प्रथम के मुख्य पम्प हाउस रघुराजगढ़ और पी.टी. मलैगवा तथा नईगढ़ी सिंचाई परियोजना द्वितीय के मुख्य पम्प हाउस भटीगवा और बी.पी.टी. बेलहा का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने परियोजना के अधिकारियों को रबी सीजन में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त कार्य आगामी दिसम्बर माह तक पूर्ण कर लिए जाएँ। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री बी.पी. मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती नीलम मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी श्री मिठाई लाल वाडेकर, संविदाकार जे.पी. एसोसिएट्स के प्रतिनिधि डी.डब्ल्यू. दुधाने सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

