
स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव को लेकर रीगा में हुई अधिकारियों की समीक्षा बैठक
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
बिहार विधान सभा निर्वाचन–2025 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं सहभागिता पूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में रीगा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी, सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक मध्य विद्यालय योगवाना में आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव आयोजन में सेक्टर दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूर्ण निष्पक्षता, तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं, अतः सभी अधिकारी अपने-अपने सेक्टरों के मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, रूट व कम्युनिकेशन प्लान का सत्यापन सुनिश्चित करें और बूथों पर मूलभूत सुविधाएँ जैसे बिजली, पेयजल, फर्नीचर, शौचालय, रैंप आदि उपलब्ध हों यह सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित सीडीपीओ एवं जीविका प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाएँ ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शराब की अवैध आवाजाही, सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचना पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी रीगा, बीडीओ रीगा, सीओ, थाना प्रभारी, सीडीपीओ, जीविका प्रतिनिधि सहित सभी संबंधित अधिकारीउपस्थित रहे।


