एक भी गणना पत्रक डिजिटाईज नहीं, बीएलओ निलंबित
मऊगंज आलोक कुमार तिवारी. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मऊगंज संजय कुमार जैन ने अब तक एक भी गणना पत्रक डिजिटाईज नहीं करने वाले बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मऊगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 183 हर्रई प्रताप सिंह में नियुक्त बीएलओ सहायक शिक्षक रामखेलावन सिंह गोड़ को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में गंभीर लापरवाही पर निलंबित कर दिया है। बार-बार निर्देश दिए जाने बाद भी बीएलओ द्वारा कार्य में रूचि नहीं ली गई। उनके द्वारा अभी तक एक भी गणना पत्रक डिजिटाईज नहीं किया गया। उनका यह कृत्य घोर कदाचरण की श्रेणी में है और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत दण्डनीय है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय मऊगंज नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

