
गणना पत्रक डिजिटाईजेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें – कलेक्टर
मऊगंज विशाल समाचार. निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत प्रत्येक मतदाता से गणना पत्रक में जानकारी प्राप्त कर उसका डिजिटाईजेशन किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि गणना पत्रक के डिजिटाईजेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें। बीएलओ को गणना पत्रक प्राप्त करने अथवा डिजिटाईजेशन में आ रही कठिनाई को दूर कराएं। जो बीएलओ तकनीकी रूप से कार्य करने में कमजोर हैं उन्हें विभागीय अमले से सहयोग देकर डिजिटाईजेशन कराएं। गणना पत्रक का डिजिटाईजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मतदाताओं के फोटो और आधार संख्या संकलित करने का प्रयास न करें। केवल गणना पत्रक को भरने और डिजिटाईजेशन पर ध्यान दें। 2003 के बाद बहू के रूप में परिवार में शामिल हुई महिलाओं के माता-पिता तथा दादा-दादी की जानकारी प्राप्त कर उनका सत्यापन कराएं। बीएलओ तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के लिए अन्य कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग ले सकते हैं। बैठक में 40 प्रतिशत से कम प्रगति होने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 22 नवम्बर तक जिले में 60 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करायें। गांव में कम्प्यूटर चलाने की दक्षता वाले व्यक्ति का भी डिजिटाईजेशन में सहयोग लें। शिफ्टेड मतदाताओं की सूची बनाकर उनका पूर्व के निवास स्थान से सत्यापन कराएं। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, एसडीएम मऊगंज राजेश मेहता, एसडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफीसर तथा सहायक रिटर्निंग आफीसर एवं सेक्टर आफीसर तथा बीईओ, बीआरसीसी, सीडीपीओ उपस्थित रहे।


