रीवा

पेंशन दिवस पर वरिष्ठ पेंशनरों का किया गया सम्मान

पेंशन दिवस पर वरिष्ठ पेंशनरों का किया गया सम्मान

 

रीवा विशाल समाचार. पेंशन दिवस के अवसर पर गत दिवस प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा स्थानीय कोठी कंपाउंड स्थित कार्यालय में सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रीवा और शहडोल संभाग के जिला पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद थे। सभा को संबोधित करते हुए कमिश्नर ने कहा कि आप सभी ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष शासन और समाज की सेवा में समर्पित किए हैं, इसलिए आपका सम्मान और सुलभ जीवन हमारी प्राथमिकता है। पेंशनरों को किसी भी कार्य या प्रक्रिया में असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आपको कभी भी किसी भी प्रकार की समस्या या कठिनाई महसूस होती है, तो आप बेझिझक मुझसे संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय के दरवाजे आपके लिए हमेशा खुले हैं। हम आपकी हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेंगे ताकि सेवानिवृत्ति के बाद आपका समय गरिमापूर्ण और तनावमुक्त बीते। कमिश्नर ने पेंशनरों के प्रति गहरी संवेदनशीलता व्यक्त की।

इससे पहले समारोह की शुरुआत में एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार तिवारी ने मुख्य अतिथि श्री जामोद और संभागीय पेंशन अधिकारी श्री पैकरा का शाल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति के बीच 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पूर्व प्रान्तीय महामंत्री के.बी. सिंह सहित कुल 53 सदस्य शामिल रहे। अंत में वीरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर आर.एन. पयासी, देवीचरण शर्मा, शिरीश पाण्डेय, करदम्ब ऋषि, पीसी गुप्ता, शम्भू प्रसाद शर्मा, राजेन्द्र पाण्डेय, पीपी पाण्डेय और के.बी. सिंह सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button