
पीएम उज्ज्वला योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिलेंगे निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन
रीवा विशाल समाचार . भारत सरकार ने देश भर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पीएमयूवाय 3.0 के अंतर्गत 25 लाख नए निःशुल्क घरेलू एलपीजी कनेक्शन प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह योजना गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी की अध्यक्षता में गत दिवस बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीजीएम इंडेन मंडल प्रमुख जबलपुर समीर शुक्ला भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के विस्तारित चरण 2025 के अंतर्गत जिले के पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिये जायेंगे।
डीजीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में गरीब परिवारों की महिलाओं को बिना जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के अंतर्गत अब तक देश भर में 10 करोड़ 33 लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, जिससे स्वच्छ ईंधन तक पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं से मुक्ति मिलने के कारण महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है, साथ ही घरेलू वायु प्रदूषण और वनों की कटाई में भी कमी आई है। इसके अतिरिक्त, ईंधन एकत्र करने में लगने वाला समय बचने से महिलाएं शिक्षा, आजीविका और परिवार के अन्य कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। बैठक में अर्जित घोष डीएनओ संबंधित विभागीय अधिकारी, गैस वितरक एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

