
जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन संपन्न
रीवा विशाल समाचार. जवा विकासखण्ड परिसर में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत एक वृहद् जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रामबाग, सितलहा, पनवार सहित विभिन्न सेक्टरों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं अपने-अपने आंगनवाड़ी केन्द्रों की किशोरी बालिकाओं एवं योजना की महिला हितग्राहियों के साथ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी, सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई तथा किशोरी बालिकाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। शिविर में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन हेल्पलाइन 181, शी-बॉक्स पोर्टल, वन स्टॉप सेंटर, गुड टच–बैड टच, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सहायता सेवाओं के उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक सुश्री गरिमा मिश्रा, विकासखण्ड समन्वयक सिरमौर, जवा, रीवा, परियोजना अधिकारी सरिता सिंह एवं संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षकों की उपस्थिति रही। अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं से आह्वान किया गया कि वे शासन द्वारा उपलब्ध योजनाओं एवं सहायता सेवाओं का अधिकतम लाभ लें तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। शिविर का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा, जिसे उपस्थित प्रतिभागियों ने सराहनीय एवं उपयोगी बताया।

