
रीवा जिले में 3 सितम्बर तक लगे 1323602 कोरोना टीके
रीवा( MP) :कोरोना से बचाव का सबसे कारगर उपाय टीकाकरण है। इसकी दोनों डोज लग जाने पर कोरोना का खतरा न्यूनतम हो जाता है। रीवा जिले में अब लगभग हर व्यक्ति इस सोच्चाई को स्वीकार कर चुका है। जिसके परिणाम स्वरूप जिले में 3 सितम्बर तक कोरोना वैक्सीन की 13 लाख 23 हजार 602 डोज लगायी जा चुकी हैं। टीकाकरण केन्द्रों में स्वप्रेरणा से ही लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या युवाओं की होती है। टीकाकरण कराने के लिये बुजुर्गों तथा महिलाओं में भी उत्साह है।
कोविन पोर्टल में दर्ज ऑनलाइन जानकारी के अनुसार 3 सितम्बर तक रीवा जिले में 10 लाख 87 हजार 988 व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की प्रथम डोज दी जा चुकी है। जिले में अब तक 2 लाख 35 हजार 614 व्यक्तियों को वैक्सीन की दोनों डोज लगायी जा चुकी हैं। जिले में कुल टीकाकरण कराने वालों में 7 लाख 20 हजार 795 पुरूष तथा 6 लाख 2 हजार 605 महिलायें शामिल हैं। जिले में 18 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों को टीकाकरण की अनुमति मिलने के बाद इसमें तेजी आयी। अब तक कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने वालों में सर्वाधिक संख्या 18 से 44 आयु वर्ग के व्यक्तियों की ही है। इस आयु वर्ग के 6 लाख 92 हजार 630 व्यक्तियों ने टीके लगवाये हैं।
जिले में 45 से 59 आयु वर्ग के 3 लाख 58 हजार 441 व्यक्तियों को टीके लगाये जा चुके हैं। बुजुर्ग भी टीकाकरण में पीछे नहीं हैं। जिले में 60 वर्ष से अधिक आयु के 2 लाख 69 हजार 581 बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाये जा चुके हैं। टीकाकरण के लिये लोगों में लगातार उत्साह बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से टीकाकरण के नियमित सत्र आयोजित कर रहा है। स्वयंसेवी संस्थायें तथा कोरोना वालेण्टियर्स भी लोगों को टीकाकरण के लिये लगातार प्रेरित कर रहे हैं।

