
उचित मूल्य दुकानों में अन्न उत्सव का आयोजन 7 से 9 सितम्बर तक
अन्न उत्सव में पात्र हितग्राहियों को वितरित होगा थैले में नि:शुल्क खाद्यान्न
रीवा (MP) प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। हितग्राहियों को थैले में नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण करने के लिये सभी उचित मूल्य दुकानों में 7 सितम्बर से 9 सितम्बर तक अन्न उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला आपूर्ति नियंत्रक एएस खान ने बताया कि खाद्यान्न वितरण के लिये दो लाख 75 हजार थैले नागरिक आपूर्ति निगम से प्राप्त हुए हैं जिसे खाद्यान्न वितरण के लिये उचित मूल्य दुकानों को उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने कहा है कि सभी उचित मूल्य दुकान सेल्समैन निगरानी समिति के सहयोग से अन्न उत्सव में पात्र राशनकार्ड धारियों को नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण करायें। महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक तथा जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सभी उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण के लिये आवश्यक व्यवस्थाओं में उचित सहयोग प्रदान करें।

