
दाखिल–खारिज में ₹40 हजार रिश्वत मांगने का मामला सामने आने पर,जांचोपरांत, राजस्व अधिकारी एवं अमीन निलंबित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
जिला पदाधिकारी के समक्ष प्राप्त एक गंभीर शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की गई है।प्राप्त शिकायत के अनुसार ग्राम मोना, पंचायत बरहेता, प्रखंड रुन्नीसैदपुर निवासी श्री बबलू कुमार से बंटवारा जमीन के दाखिल–खारिज के एवज में ₹40,000 रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था। आरोप राजस्व अधिकारी, रुन्नीसैदपुर श्री विश्वामित्र खैरवार तथा बरहेता पंचायत के अमीन श्री रूपेश मोचा पर लगाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा आवेदक एवं संबंधित राजस्व अधिकारी को अपने कक्ष में तलब कर विस्तृत जांच की गई। जांच के क्रम में आवेदक द्वारा प्रस्तुत ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। रिकॉर्डिंग में पैसे की मांग से संबंधित बातचीत सत्य पाई गई।
जांचोपरांत आरोपों की पुष्टि होने पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से श्री विश्वामित्र खैरवार, राजस्व अधिकारी, रुन्नीसैदपुर एवं श्री रूपेश मोचा, अमीन, बरहेता पंचायत को निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ ही दोनों के विरुद्ध प्रपत्र “क” गठित कर विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का आदेश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

