
ज्ञान भारत मिशन के तहत पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण को लेकर बैठक आयोजित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ज्ञान भारत मिशन से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस मिशन के माध्यम से भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्धिक विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत देशभर में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, दुर्लभ ग्रंथों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि यह अमूल्य धरोहर शोधार्थियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सके।
जिला पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मिशन के तहत सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, मठों, मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा व्यक्तिगत संग्रहों में उपलब्ध पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों आदि की पहचान, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने अभिलेख एवं सामग्री धारकों से अपील की कि वे जिला पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, विकास भवन से संपर्क करें, जिससे उनकी पांडुलिपियों को डिजिटाइज कर ज्ञान भारतम् पोर्टल के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा सके।
यह मिशन ‘विकसित भारत-2047’ और डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रसार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, एडीपीआरओ रोहित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


