
बार्टी संस्थान में क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले को श्रद्धांजलि
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे, महाराष्ट्र
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था (बार्टी), पुणे द्वारा संचालित शासकीय सफाई कर्मचारियों के बच्चों की आवासीय विद्यालय, येरवडा, पुणे में क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले तथा भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की संयुक्त जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में बार्टी संस्थान की निबंधक डॉ. सुचिता शिंदे के हस्ते दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर विभाग प्रमुख शुभांगी पाटिल, रविंद्र कदम तथा डॉ. बबन जोगदंड ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सामाजिक समता सप्ताह के अंतर्गत “मैं सत्यशोधक महात्मा ज्योतिराव फुले बोल रहा हूँ” शीर्षक एकपात्री नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक के प्रस्तुतकर्ता कुमार आहेर ने महात्मा ज्योतिराव फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन के विविध आयामों पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा मानवता के कल्याण हेतु किए गए महान कार्यों का प्रभावी चित्रण किया। उन्होंने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से सामाजिक समानता, शिक्षा और न्याय के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाया।
कुमार आहेर ने अपने संबोधन में कहा कि फुले-शाहू-आंबेडकर के विचारों को अपनाकर ही समाज का वास्तविक उत्थान संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का संकल्प लेने तथा सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग और बार्टी की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

एकपात्री नाटक को विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ देखा और प्रस्तुति को जोरदार प्रतिसाद देते हुए कलाकार का स्वागत किया। कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण रहा।
इस अवसर पर लेखाधिकारी नितिन चव्हाण, कार्यालय अधीक्षक प्रज्ञा मोहिते, मुख्याध्यापिका श्रीमती चेंडगे सहित बार्टी संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।



