
बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा उच्च न्यायालय जबलपुर, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और अध्यक्ष उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय मुख्यपीठ जबलपुर के क्षेत्राधिकार में आने वाली जेलों में परिरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वृहद मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का शुभारंभ माननीय मुख्य न्यायाधिपति, उच्च न्यायालय मध्य प्रदेश एवं संरक्षक मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर श्री संजीव सचदेवा के द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया। शिविर के दौरान न्यायाधीश श्री विवेक अग्रवाल अध्यक्ष उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति ने बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर बल दिया। केंद्रीय कारागार रीवा में यह आयोजन विशेष न्यायाधीश श्री संदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रीवा के सचिव श्री समीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम तैनात की गई थी, जिसमें मेडिसिन, सर्जरी, अस्थि, मानसिक, ई.एन.टी., नेत्र रोग, स्त्री रोग और बाल रोग विभाग के विशेषज्ञ शामिल थे। इस टीम द्वारा 603 बंदियों का निःशुल्क परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार उपचार प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कारागार के जेल अधीक्षक श्री सतीश उपाध्याय, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अभय कुमार मिश्रा, उप जेल अधीक्षक श्री संजीव गेंदले और श्री श्याम सिंह कुशवाहा सहित एल.ए.डी.सी.एस. के चीफ श्री सुरेन्द्र सिंह, डिप्टी चीफ श्री आनंद पाण्डेय एवं अन्य सदस्य, पैरालीगल वॉलियंटर्स तथा जेल के बंदीगण उपस्थित रहे।



