
स्थानीय जरूरतों एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा दें – कलेक्टर श्री ओगरे जिला कौशल समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले की स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कौशल प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं एवं हितग्राहियों को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी मिल सकें। यह निर्देश कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष को में आयोजित जिला कौशल समिति की बैठक में दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान – डीएसडीपी के अंतर्गत जिले में कौशल विकास की वर्तमान स्थिति, संभावित क्षेत्रों, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना,पीएम विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री सीखो कमाओ के पात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित एवं मोबिलाइज कर प्रशिक्षण के लिए बैच तैयार करने तथा उपयुक्त प्रशिक्षण संस्था अथवा एजेंसी के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं डिजिटल कौशल से जोड़ने के लिए अल्पावधि के स्किल कोर्स संचालित करने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रारंभिक स्तर पर टाइपिंग एवं अन्य आवश्यक डिजिटल स्किल्स से संबंधित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया गया। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, कार्यालयीन कार्यों एवं रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराने का उद्देश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। बैठक में जिले के कौशल विकास के वर्तमान परिदृश्य, उपलब्ध संसाधनों तथा विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण की संभावनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख , अपर कलेक्टर पीके पांडेय, प्राचार्य शासकीय आईटीआई मऊगंज अवनीश सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



