
शांति और सद्भाव के साथ मनाएं त्योहार – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दिनों में आने वाले त्योहार को शांति और सद्भाव के साथ मनाए जाने पर चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि आगामी दिनों में ईदुज्जुहा का त्योहार मनाए जायेगा। जिले की परंपरा के अनुसार त्योहार शांति और सद्भाव से मनाए जाएंगे। त्यौहार पूरे उल्लास और उत्साह से मनाएं। त्योहार मनाते समय अनुशासन बनाए रखें। त्योहार की भीड़भाड़ का लाभ उठाकर कई बार असामाजिक तत्व अव्यवस्थाएं पैदा करने का प्रयास करते हैं। इनसे कड़ाई से निपटा जाएगा। सबके सहयोग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है। संबंधित अधिकारी त्योहार पर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखें। त्यौहार के दौरान सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में सुरक्षा के उचित प्रबंध करें। बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न त्योहार के आयोजन के संबंध में अपने सुझाव भी दिए। बैठक में एसपी सुरेन्द्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

