मुख्यमंत्री ने संबल हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित की अनुग्रह राशि
संभाग के 1442 पीड़ित परिवारों को मिली 31 करोड़ 81 लाख रुपए की अनुग्रह राशि
रीवा . प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘संबल योजना’ प्रदेश के असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच साबित हो रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और श्रमिक परिवारों को संकट के समय आर्थिक संबल प्रदान करना है, जिसके अंतर्गत दुर्घटना मृत्यु, सामान्य मृत्यु और अपंगता जैसी विपरीत परिस्थितियों में पीड़ित परिवारों को अनुग्रह सहायता राशि दी जाती है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से संबल योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपए की अनुग्रह राशि श्रमिकों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
इस संबंध में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने बताया कि संभाग के कुल 1442 पीड़ित परिवारों को 31 करोड़ 81 लाख रूपये की संबल योजना की अनुग्रह राशि जारी की गई है। कमिश्नर ने बताया कि रीवा जिले में कुल 373 प्रकरणों में 8 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में भेजी गई। सतना जिले के 261 प्रकरणों में 5 करोड़ 70 लाख रुपए की अनुग्रह राशि अंतरित की गई। मैहर जिले में 176 पात्र परिवारों को संबल देते हुए कुल 3 करोड़ 80 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। मऊगंज जिले में 142 प्रकरणों में 3 करोड़ 18 लाख रुपए, सीधी जिले में 349 प्रकरणों में 7 करोड़ 71 लाख रुपए की राशि का अंतरण किया गया। सिंगरौली जिले में 141 प्रकरणों में 3 करोड़ 2 लाख रुपए की मदद पीड़ित परिवारों को दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस पहल से रीवा संभाग के हजारों श्रमिक परिवारों को अत्यंत कठिन समय में बड़ा आर्थिक सहारा मिला है।



