
जनसुनवाई में 128 आवेदन प्राप्त
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए कुल 128 आवेदनों पर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रतानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि, आवास, विद्युत, मानदेय तथा सड़क-पुलिया निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्राम खटखरी स्थित प्राचीन तालाब का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने, विद्युत बिल में सुधार तथा लाड़ली बहना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रमुख रहे।
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन करें तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आवेदकों को उनके प्रकरणों की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए। अपर कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



