प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर तैयारियों की समीक्षा, सभी कोषांगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य निष्पादन का निर्देश

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर तैयारियों की समीक्षा, सभी कोषांगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य निष्पादन का निर्देश

 

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, 

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन–2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को समाहरणालय स्थित विमर्श सभागार में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यों के सुचारू, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की कार्यप्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसके सफल संचालन में प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्मिकों के प्रशिक्षण, वाहनों एवं निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता पर विशेष जोर

बैठक में कार्मिक कोषांग को निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया ससमय पूरी करने का निर्देश दिया गया। परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके सुव्यवस्थित उपयोग की व्यवस्था करने को कहा गया।

वहीं, सामग्री कोषांग को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण एवं मतदान दलों को निर्धारित समय पर सामग्री उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों के आगमन एवं उनके कार्यों के निष्पादन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।

अधिकृत सूचनाओं के प्रसार एवं आपसी समन्वय पर बल

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कोषांग को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का समन्वय सुनिश्चित करते हुए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित अधिकृत एवं प्रमाणिक सूचनाओं का समय पर प्रसार करने तथा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए नियमित अनुश्रवण करने तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों की निरंतर समीक्षा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया में निर्धारित मानकों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि निर्वाचन कार्यों का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार नाग सहित निर्वाचन कार्यों के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button