
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में सम्मिलित योजनाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा।
जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में सम्मिलित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनपद में निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में समीक्षा बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों तथा उनके सापेक्ष हुई प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति में आने वाली समस्याओं को चिन्हित कर उनका तत्काल समाधान कराते हुए कार्यों में अपेक्षित तेजी लाई जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा कार्य की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित रूप से स्थलीय जांच एवं निरीक्षण किया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के सापेक्ष पीछे चल रहे हैं, उनमें कार्य की गति बढ़ाते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में निर्माणाधीन कार्यों की जनपद स्तरीय समिति के माध्यम से प्रति माह निरीक्षण कराकर जांच आख्या उपलब्ध कराए तथा 1 करोड़ से कम लागत की परियोजनाओं की स्वयं समीक्षा करे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति संबंधी आंकड़े एवं सूचनाएं सही, अद्यतन एवं समय से फीड की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों की प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनता दर्शन, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त संदर्भों के निस्तारण की समीक्षा बैठक करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्राप्त संदर्भों के संबंध में आवेदक से वार्ता कर उसका मंतव्य ले जिससे संदर्भ निस्तारण में सुलभता हो और संदर्भ के सापेक्ष स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर दोनों पक्षों को बुलाकर गुण- दोष के आधार पर प्रकरण का निस्तारण करें। निस्तारण के उपरांत निस्तारण की विस्तृत व्याख्या में स्थान, दोनों पक्षकारों के नाम व मोबाइल नंबर अंकित करते हुए निरीक्षण की जीपीएस लोकेशन वाली फोटोग्राफ सहित आख्या अपलोड की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को प्राप्त संदर्भों का भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें साथ ही उनकी समीक्षा भी करें। जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को विस्तार पूर्वक सुने तथा यथा- सम्भव त्वरित निस्तारण भी करायें उक्त के अतिरिक्त जनता दर्शन में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर भी अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह,प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी,परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ,अधिशासी अभियंता सिंचाई , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



