उप मुख्यमंत्री होंगे स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि
जिला स्तरीय प्रदेश स्थापना दिवस समारोह नगर निगम टाउन हाल में होगा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . प्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह एक नवम्बर को सुबह 9 बजे से नगर निगम के टाउन हाल में आरंभ होगा। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल होंगे। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि समारोह सुबह 9 बजे आरंभ होगा। सबसे पहले मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथिगण विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी तथा आजीविका मिशन से जुड़ी गतिविधियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। समारोह में सुबह 9.10 बजे अतिथियों का परंपरागत रूप से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद समारोह में मध्यप्रदेश गान होगा। समारोह में सुबह 9.25 से 10 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें ज्योति हायर सेकेण्डरी स्कूल, शासकीय सांदिपनि विद्यालय मनगवां तथा उत्कृष्ट विद्यालय मार्तण्ड क्रमांक एक के विद्यार्थियों द्वारा प्रदेश के विकास और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। इसके बाद समारोह में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना से जिले की प्रतिभाशालिनी बेटी मानसी सिंह को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें एक लाख रूपये का चेक तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। इसके बाद समारोह में अतिथियों का उद्बोधन होगा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक रूप से गायन के साथ होगा। सभी शासकीय कार्यालयों में स्थापना दिवस की संध्या पर सुंदर रोशनी और सजावट की जाएगी। कलेक्टर ने कहा है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। कलेक्टर ने सभी सम्मानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, लोकतंत्र के प्रहरी, पत्रकारगणों तथा आमजनों से समारोह में शामिल होने की अपील की है
।


