
औरैया में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन, दिव्यांगों को बांटी गईं ट्राई साइकिल और बैसाखी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया के तत्वावधान में माधव मंगल गेस्ट हाउस में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रशासनिक न्यायमूर्ति औरैया अरुण कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती एवं अपर जिला जज प्रथम पारुल जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को पौधे भेंटकर सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल एवं बैसाखी वितरित की गईं। वहीं कृषि विभाग की योजना के तहत एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी गई।
कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रोमा गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टॉल पर पहुंचकर अपने कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम का संचालन सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता तथा सिविल जज सीडी एफटीसी नाजिम अकबर ने किया।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट एवं शिविर के नोडल अधिकारी विकास गोस्वामी, अपर जिला जज महेश कुमार, कैलाश कुमार, राजीव कुमार वत्स, विनय प्रकाश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिसौदिया, न्यायिक अधिकारी विष्णु शंकर पाण्डेय, अमन शुक्ला, निशा अली, विजय प्रकाश, कुशाग्र मिश्रा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद पटेल, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पीएलवी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



