बैंक ऑफ बड़ौदा ने 555 दिनों की गोल्डन गोल जमा योजना पर बढ़ाईं ब्याज दरें, अब मिलेगा 7.50% तक रिटर्न
12 नवंबर से लागू हुई नई दरें, वरिष्ठ और अति वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा अतिरिक्त ब्याज का लाभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई, सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी विशेष 555 दिवसीय ‘बॉब गोल्डन गोल जमा योजना’ की ब्याज दरों में 10 बेसिस पॉइंट (0.10 प्रतिशत) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। संशोधित ब्याज दरें 12 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई हैं। इस बदलाव के बाद योजना के तहत जमाकर्ताओं को अधिकतम 7.50 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा।
बैंक के अनुसार, यह योजना 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल सावधि जमा के लिए उपलब्ध है। इसमें प्रतिदेय और गैर-प्रतिदेय दोनों विकल्प शामिल हैं। नई दरें सामान्य ग्राहकों के साथ एनआरओ और एनआरई ग्राहकों तथा वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ नागरिकों के लिए निर्धारित की गई हैं। अन्य अवधियों की सावधि जमा ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
संशोधित दरों के तहत 555 दिनों की प्रतिदेय जमा पर सामान्य ग्राहकों को 6.85 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 7.35 प्रतिशत और 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिकों को 7.45 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं, गैर-प्रतिदेय जमा पर सामान्य ग्राहकों के लिए 6.90 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए 7.40 प्रतिशत और अति वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिकतम 7.50 प्रतिशत ब्याज निर्धारित किया गया है।
बैंक की कार्यपालक निदेशक बीना वाहिद ने कहा कि बैंक जमाकर्ताओं को आकर्षक रिटर्न देने के साथ अर्थव्यवस्था की बढ़ती ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है। गोल्डन गोल जमा योजना की ब्याज दरों में वृद्धि से उन ग्राहकों को लाभ होगा, जो मध्यम अवधि में स्थिर और निश्चित रिटर्न चाहते हैं। इससे बैंक के जमा आधार को भी मजबूती मिलेगी।
बैंक ने बताया कि ग्राहक मोबाइल बैंकिंग ऐप ‘बॉब वर्ल्ड’, नेट बैंकिंग ‘बॉब वर्ल्ड इंटरनेट’ अथवा देशभर में स्थित बैंक की किसी भी शाखा के माध्यम से नई सावधि जमा खोल सकते हैं। नए ग्राहक बैंक की वेबसाइट के जरिए बचत खाता खोले बिना भी ऑनलाइन सावधि जमा शुरू कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थापना 20 जुलाई 1908 को महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय ने की थी। बैंक का वैश्विक ग्राहक आधार 18 करोड़ से अधिक है और इसकी सेवाएं पांच महाद्वीपों के 15 देशों में फैली हुई हैं।

