सीतामढ़ी पुलिस का नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा, नवंबर में चलेगा विशेष अभियान
शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में होगी छापेमारी, NDPS मामलों के फरार अभियुक्तों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी,। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सीतामढ़ी पुलिस द्वारा नवंबर माह में विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अभियान के तहत अलग-अलग तिथियों में विशेष कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की ओर से जारी अभियान कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में विशेष छापेमारी की जाएगी। इसका उद्देश्य शिक्षण संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाना है।
वहीं, 19 एवं 20 नवंबर को NDPS मामलों में फरार अभियुक्तों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उनकी तलाश एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 26 नवंबर को ऐसे मामलों में फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त नवंबर माह के अंत तक NDPS मामलों में काराधीन अभियुक्तों के पोस्टर संबंधित थानों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे।
सीतामढ़ी पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में जागरूकता बढ़ाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
पुलिस ने नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और सहयोग का संदेश देते हुए कहा है कि नशे से दूरी, सुरक्षित भविष्य और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।

