
छठ महापर्व को लेकर डीएम और एसपी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुपरी के छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी ने संयुक्त रूप से पुपरी स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, आवागमन मार्ग एवं वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने नदी और तालाबों में गहरे एवं खतरनाक जल वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग और सुरक्षा संकेतक लगाने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
छठ पूजा के दौरान अस्ताचलगामी एवं उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी निर्देश दिए गए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष, गोताखोरों एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने छठ पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2, संबंधित थानाध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।
