
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया / आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्यों एवं व्यवस्थाओं के लिए नामित नोडल अधिकारियों तथा सहायक नोडल अधिकारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में निर्वाचन की तैयारियों को समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें जो दायित्व एवं कार्य आवंटित किए गए हैं, उनकी कार्ययोजना तत्काल तैयार कर निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को अभी से व्यवस्थित करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति, कार्मिकों का प्रशिक्षण, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं वीडियो निगरानी टीमों की नियुक्ति तथा वीडियो अवलोकन एवं लेखा टीमों के गठन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही ईवीएम एवं वीवीपैट की व्यवस्था, रेंडमाइजेशन, स्ट्रांग रूम एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था तथा निर्वाचन सामग्री की सुरक्षित भंडारण एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने यातायात एवं वाहनों की आवश्यकता के अनुरूप व्यवस्था, वाहनों का आकलन एवं अधिग्रहण, ईंधन की उपलब्धता, मतदान कार्मिकों के आवागमन तथा निर्वाचन के दौरान सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए, जिससे किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने निर्वाचन सामग्री, लेखन सामग्री, प्रपत्रों, लिफाफों एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था एवं वितरण, आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, निर्वाचन व्यय लेखा एवं मतदान कार्मिकों के अग्रिम यात्रा भत्ता सहित अन्य भत्तों के भुगतान तथा निर्वाचन व्यय लेखा टीमों के गठन एवं प्रशिक्षण की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रेक्षक व्यवस्था, लॉ एंड ऑर्डर एवं सुरक्षा प्लान, मतदान एवं मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सामान्य मतपत्र एवं डाक मतपत्रों की छपाई, ईटीपीबीएस की व्यवस्था एवं प्रेषण, मीडिया सेंटर एवं जनसंपर्क तथा एमसीएमसी की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन के दौरान सूचना के आदान-प्रदान, मीडिया प्रबंधन तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के त्वरित एवं सही प्रसारण के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
इसके अतिरिक्त मतदान से संबंधित सूचनाओं के कंप्यूटरीकरण, वेबकास्टिंग, स्वीप प्लान के माध्यम से मतदाता जागरूकता, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शिकायत संचार व्यवस्था, निर्वाचन व्यय निगरानी, डिजिटल मैप एवं रूट मैप तैयार करने, जिला निर्वाचन एवं प्रबंधन योजना (DEMP) तैयार करने तथा सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मतगणना कार्मिकों के लिए हल्के नाश्ते की व्यवस्था, निर्वाचन नामावलियों की बर्किंग कॉपी तैयार करने, सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, मतगणना प्लान एवं स्ट्रांग रूम की बैरिकेडिंग तथा ईवीएम-वीवीपैट की ट्रैकिंग व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा किट एवं चिकित्सा व्यवस्था, साइबर सिक्योरिटी, आईटी सेल तथा मतदान कार्मिकों के कल्याण एवं सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यों के संबंध में स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करें तथा अपने अधीनस्थ एवं संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराएं। सभी अधिकारी अपने आवंटित दायित्वों की नियमित रूप से समीक्षा करें तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब अथवा शिथिलता न बरती जाए और निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। आवंटित कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर निर्वाचन संबंधी सुसंगत नियमों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संत कुमार, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद,उप जिलाधिकारी अजीतमल विनोद कुमार मीणा, उप जिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अरसला नाज, उप जिलाधिकारी न्यायिक दिव्या शिकरवार सहित नामित नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


