पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए छूटे हुए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर, आवेदन 5 दिसंबर तक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से प्रवेश डेटा अपलोड करने की सुविधा के संबंध में शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के डीन, प्राचार्य तथा नोडल अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र में कहा गया है कि एमपीटास पोर्टल पर जनजातीय वर्ग के छूटे हुए विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2020-21 से प्रवेश डेटा पोर्टल पर अपलोड किए जाने की सुविधा संबंधित विभागों को प्रदान की जा चुकी है। डेटा अपलोड होने के पश्चात वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक के विद्यार्थी आगामी 5 दिसंबर तक पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के पश्चात कोई भी विद्यार्थी पूर्व वर्षों के लिए आवेदन करने में सक्षम नहीं होगा। सभी संबंधित संस्थाएं अपनी संस्था में अध्ययनरत समस्त छूटे हुए जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों का डेटा और फीस डेटा अपने लाइन डिपार्टमेंट से फीड कराते हुए आवेदन से वंचित छात्रों से आवेदन कराना सुनिश्चित करें। यह विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर होगा और इसके पश्चात यदि कोई भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से छूट जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था और नोडल प्रमुख की होगी।

