
कमिश्नर ने किया बहुती नहर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण
कार्य की धीमी गति पर एसडीओ को लगाई फटकार, नोटिस देने के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने गत दिवस बहुती नहर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोविंदगढ़, बघवार और नौगांव समेत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बहुती नहर का निर्माण कार्य वर्ष 2015 में ही पूरा हो जाना चाहिए था। इसका निर्माण कार्य पूरा न होने से रीवा जिले की लगभग एक लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है। कार्य में लापरवाही बरतने पर उन्होंने संबंधित एसडीओ जेपी पटेरिया को फटकार लगाई और उनके विरूद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह बात सामने आई कि कुछ स्थानों में निर्माण स्थल और नहर क्षेत्र में जलभराव के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर कमिश्नर ने पर्याप्त मात्रा में पंप लगाकर पानी बाहर निकालने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्य में आ रही रुकावट को दूर किया जा सके। ग्रामीणों की अधिग्रहीत सिंचित व असिंचित भूमि के मुआवजे से जुड़ी बाधाओं को दूर करते हुए किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि दिलाए जाने के निर्देश कमिश्नर द्वारा दिए गए, जिससे भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान हो सके।
कमिश्नर ने कहा कि नहर का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। कुछ हिस्सों में ही काम बाकी है। कुछ स्थानों पर किसानों के भूमि संबंधी या अन्य छोटे-छोटे व्यवधान हैं, जिन्हें किसानों से चर्चा और व्यवधान को दूर कर इस वर्किंग सीजन में पूरा करवाने का लक्ष्य है। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी बाधाओं को जल्द दूर किया जाए ताकि आगामी सीजन में किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुँच सके। उल्लेखनीय है कि बहुती नहर प्रणाली 18-74 बाणसागर बांध से संबंधित है जो बाणसागर के 332 मीटर के लेवल से निकलती है। इस परियोजना से कुल एक लाख 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है, जिसमें 65 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फ्लो नहर से और 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में माइक्रो सिंचाई के माध्यम सें सिंचाई प्रस्तावित है, जिससे रीवा और सतना जिले के लगभग 450 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता गंगा कछार जल संसाधन वी.के. मंडलोई, अधीक्षण अभियंता बी.के. सिंह सहित जल संसाधन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



