
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में व्यक्ति की सभी समस्याओं का निराकरण एक ही छत के नीचे हो जाता है – सांसद श्री जनार्दन मिश्रा
नशा परिवार एवं समाज के लिए हानिकारक है, इससे अपने बच्चों एवं परिवार को दूर रखें
अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कार एवं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाती है – कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी
सेमरिया में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में हितग्राहियों को किया गया हितलाभ का वितरण
जन विश्वास शिविर में 189 आवेदनों पर की गई सुनवाई
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस अभियान के तहत आयोजित शिविर में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एक जगह एकत्रित होकर हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण एक ही छत के नीचे करते हैं। इससे हितग्राहियों को अपनी समस्याओं का निराकरण कराने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरे रीवा जिले में अभूतपूर्व गति मिली है और सभी व्यक्तियों की समस्याओं का निराकरण करने एवं शासन की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए बेहतर से बेहतर परिणाम सामने आए हैं। उक्त बातें रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने शुक्रवार को नगर परिषद सेमरिया में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में कही। सेमरिया में आयोजित जन विश्वास शिविर में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने 189 आवेदनों पर सुनवाई की और मौके पर ही 113 आवेदनों का निराकरण किया तथा प्रकियाधीन आवेदनों का निराकरण समय सीमा में करने के निर्देश दिए।

सांसद श्री मिश्र ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग अपने परिवार एवं समाज के हित के लिए नशे से दूर रहें। नशा परिवार एवं समाज के लिए हानिकारक है। हर प्रकार के नशे से अपने बच्चों एवं परिवार को दूर रखें। नशा नहीं रुका तो यह आने वाले समय में समाज एवं परिवार को बर्बाद कर देगा। सांसद ने सभी लोगों को समझाइश दी कि अपने परिवार की भलाई के लिए हर संभव हर प्रकार के नशे से दूर रहें। हम सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनें। सांसद ने कहा कि पहले जन सहयोग से स्कूल का निर्माण कार्य पूरा किया जाता था, आज भी जनता के सहयोग एवं संकल्प से हर लक्ष्य की प्राप्ति की जा सकती है। व्यक्ति को लक्ष्य प्राप्ति में सरकार सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। सभी अधिकारी केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से आम जनता को अवगत कराएं और हर व्यक्ति से समान व्यवहार करें। किसी भी व्यक्ति से भेदभाव पूर्ण व्यवहार न करें। यदि हम धीरे-धीरे समस्याओं का निराकरण करते रहेंगे तो समस्याओं का अंबार नहीं लगेगा। योजना से वंचित रह जाने वाले हितग्राहियों को उनके वंचित रह जाने के कारणों से अनिवार्य रूप से अवगत कराएं और आम जनता को स्पष्ट रूप से बताएं कि उनकी समस्या का निराकरण हो जाएगा। किसी कारणवश बंदिश के चलते जनता की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है तो जनता को स्पष्ट रूप से कारण सहित तत् संबंध में अवगत भी कराएं।

शिविर में विधायक सेमरिया श्री अभय मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों का एक ही उत्तरदायित्व है कि हम जनता के प्रति जवाबदेह बनें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेमरिया में सड़कें दी हैं। साथ ही गीता भवन भी स्वीकृत किया है। उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया कि वह गीता भवन के लिए भूमि का आवंटन जल्द से जल्द कर दें ताकि भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके। विधायक श्री मिश्रा ने सेमरिया में नवनिर्मित अस्पताल का संचालन शुरू कराने का अनुरोध किया साथ ही कहा कि अस्पताल में डॉक्टर एवं अन्य स्टॉफ की नियुक्ति भी की जाए। विधायक ने नवनिर्मित सब्जी मंडी को चालू करने एवं एंबुलेंस की सुविधा देने की मांग की और कहा कि सेमरिया में 263 ट्रांसफार्मर जले हैं जिनमें से 187 ट्रांसफार्मर में 20 प्रतिशत तक की राशि जमा की गई है। जमा राशि वाले ट्रांसफार्मरों को चालू कराया जाए।
शिविर में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने उपस्थित लोगों का संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आम जनता की सेवा करने के लिए प्रारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि शासन की सभी योजनाओं का मौके पर ही जनता को लाभ दिलाया जाए साथ ही उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से एक ही जगह पर निराकरण भी किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथा संभव मौके पर ही निराकरण किया जाता है और यदि कोई कमी है तो उसे भी तत्काल दूर किया जाता है। लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करने का शत-शत प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में 4000 शिकायतें प्राप्त हुई थीं जिनमें से 3200 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया है। यदि कोई अधिकारी समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। वहीं अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है। कलेक्टर ने सभी से कहा की वे शिविर में आकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी शिकायतों का निराकरण कराएं।

शिविर में पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी ने कहा कि मध्यप्रदेश पहले बीमारू राज्य की श्रेणी में था लेकिन हमारी सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश में औद्योगीकरण की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है ताकि आम जनता की शिकायतों का निराकरण एक ही जगह पर किया जा सके। श्री त्रिपाठी ने कहा कि सेमरिया में विकास के कार्य नहीं रुकेंगे। आगामी माह में माइक्रो प्रोजेक्ट के माध्यम से जलप्रदान शुरू हो जाएगा। सीएम राइज स्कूल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सेमरिया में सड़कों का जाल बिछ रहा है। शासन ने सेमरिया में विकास के अनेक कार्य किए हैं। विकास के कार्य में धन की कोई कमी नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री सेमरिया में विकास के कार्य करने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने रीवा जिले को रिवर फ्रंट में नंबर वन का पुरस्कार मिलने पर बधाई दी एवं कहा की सोलर प्लांट में भी रीवा जिला नंबर वन है। नगर परिषद सेमरिया के उपाध्यक्ष श्री मुरलीधर शर्मा ने कहा कि शासन की हर योजना का लाभ आम जनता को मिले इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी प्रयास करते हैं। इसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है। इससे पूर्व मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का शुभारंभ किया गया। एसडीएम आदिति जैन ने शिविर के मूल उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर नगर परिषद सेमरिया की अध्यक्ष श्रीमती पदमा कुशवाहा, जनपद उपाध्यक्ष श्री मिश्रीलाल तिवारी, नगर पालिका अधिकारी सुश्री राजपूत एवं सभी विभाग के अधिकारी, आम जनता एवं प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को किया गया हितलाभ का वितरण:- सेमरिया नगर परिषद में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की राशि के चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सांसद, विधायक एवं कलेक्टर द्वारा हितग्राही कमलाकर सिंह को पशु आहार व्यवसाय के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। विपिन कुमार विश्वकर्मा को लोहारगीरी के कार्य के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। पुसुआ बसोर को बांस की टोकरी का व्यवसाय करने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत 15 हजार रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। तीन नवीन आवास योजना के तहत दिव्य शक्ति निखिल, सोमनाथ कुशवाहा एवं किरण सिंह को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपए की राशि का चेक दिया गया। स्वामित्व योजना के अंतर्गत जयलाल साकेत, राकेश सोनी एवं सावित्री शर्मा को नवीन पट्टे का वितरण किया गया।

उद्यमियों ने किया संवाद:- मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उद्यमियों ने उपस्थित लोगों से उद्योग संवाद किया। मेसर्स देवांशी पाइप इंडस्ट्रीज सेमरिया के प्रोपराइटर दिवाकर द्विवेदी ने बताया कि उनकी पहली पाइप यूनिट को शासन की योजना अंतर्गत एक करोड़ की राशि का अनुदान प्राप्त हुआ था। आज उनकी इंडस्ट्री में 40 से 45 लोगों को रोजगार मिला हुआ है। साथ ही देवांशी पाइप इंडस्ट्री 8 से 10 हजार पाइपों का निर्माण करती है। पाइप की सप्लाई मध्यप्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों में भी की जाती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर व्यवसायी बनने की दिशा में अग्रसर हों। बैकुंठपुर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ग्राम ऐलहा के प्रोपराइटर शक्ति चड्ढा ने बताया कि उन्हें 7 करोड रुपए की राशि का अनुदान प्राप्त हुआ था जिससे उन्होंने अपने व्यापार का विस्तार किया है। आज उनकी इंडस्ट्री 15 लोगों को रोजगार दे रही हैं। पूर्व में उनकी सुभाष इंडस्ट्री थी। उसे भी शासन से व्यवसाय के लिए सहायता राशि प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी मशीन की सप्लाई करती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वह व्यवसायी बनने की दिशा में आगे बढ़ें और दूसरों को रोजगार देने वाले बनें।
कलेक्टर ने किया तहसील न्यायालय का निरीक्षण:- शिविर के पश्चात कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने तहसील न्यायालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।



