
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं विद्यालय कायाकल्प पर विशेष जोर।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दिनेश कुमार पासवान के नेतृत्व में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान श्री सुजीत कुमार दास एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना श्री सौरव प्रियदर्शी सहित शिक्षा विभाग के सभी संभाग प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति तथा अब तक प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान **Transition Rate (संक्रमण दर), Student Learning Outcome (विद्यार्थियों का अधिगम स्तर) एवं Quality Education (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा)** को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार पर विशेष चर्चा की गई।
विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने, कक्षावार अधिगम लक्ष्यों की प्राप्ति, विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन तथा बच्चों की उपस्थिति एवं ठहराव सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में **प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना** की भी समीक्षा की गई। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर उपलब्ध कराने, छात्रवृत्ति आवेदनों के लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा संस्थान एवं संबंधित स्तर पर लंबित आवेदनों और त्रुटियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। यह भी रेखांकित किया गया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इसके अतिरिक्त **विद्यालय कायाकल्प योजना** के अंतर्गत विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्यालय भवन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। विद्यालयों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।
बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों के समग्र विकास की दिशा में समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।



